विकासखंड द्वारीखाल के अंतर्गत डाडामंडी क्रीड़ा मैदान में विकासखंड स्तरीय शरद एवं शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने किया। विशिष्ट अतिथि महेंद्र राणा रहे। मंच संचालन भीम सिंह ने किया।
जूनियर बालक वर्ग में मॉडर्न पब्लिक स्कूल ब्लॉक राजखिल के छात्र श्रेयांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल ओवर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। श्रेयांश ने 100 मीटर और 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की छात्रा दिव्या राणा ने 400 और 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्राइमरी बालिका वर्ग की कबड्डी में राजखिल विजेता रहा। 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में मॉडर्न पब्लिक स्कूल की शानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका लंबी कूद में मीनाक्षी तथा जूनियर बालक लंबी कूद में ग्रीन पब्लिक स्कूल के ऋषभ लिंगवाल प्रथम रहे। वेदांग डोभाल ने ऊंची कूद में प्रथम स्थान हासिल किया।
रिले रेस के बालक वर्ग में राजखिल प्रथम और बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के दौरान विगत वर्ष राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले मीनाक्षी, मोहिता और रिद्धिमा को भी सम्मानित किया गया।

