विकास खंड पौड़ी के इडवालस्यूं पट्टी में गुलदार एक बार फिर सक्रीय हो गया है। गुलदार ने क्षेत्र के कंडी गांव की एक महिला पर हमला कर दिया है। जिसमें वह घायल हो गई हैं। घटना शाम साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। घायल महिला का उपचार जिला
अस्पताल पौड़ी में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला खतरे से बाहर है। ग्रामीणों ने क्षेत्र को गुलदार के आतंक से निजात दिए जाने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
विकास खंड पौड़ी के इडवालस्यूं पट्टी स्थित कंडी गांव की एक महिला गुलदार के हमले में घायल हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में गुलदार की दहशत बढ़ गई है। ग्राम प्रधान गजल्ड व प्रधान संगठन पौड़ी के अध्यक्ष शंकर नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र के कंडी गांव की 46 वर्षीय इंदू देवी भंडारी गांव में गोशाला में कार्य करती है। वह कुछ सहेलियों के साथ वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गुलदार ने अचानक पैदल रास्ते में उन पर हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गई है। बताया कि इडवालस्यूं पटटी में करीब ढाई माह बाद गुलदार एक बार फिर सक्रीय हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग व जिला प्रशासन से घायल को जल्द उचित मुआवजा दिए जाने, क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने और अंतिम विकल्प के रुप में गुलदार को मारे जाने की मांग की है। जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डा. एलडी सेमवाल ने बताया कि गुलदार के हमले में घायल महिला की दांई आंख, नाक व गाल पर नाखूनों के निशान हैं। चिकित्सकों की टीम महिला के उपचार में
जुटी है। वह पूरी तरह खतरे से बाहर है। वहीं एसडीओ गढ़वाल आयशा बिष्ट ने बताया कि कंडी गांव की महिला के गुलदार के हमले में घायल होने की घटना के बाद क्षेत्र में विभागीय टीम ने गश्त बढ़ा दी है। साथ ही ग्रामीणों को मानव वन्यजीव संघर्ष को लेकर जागरुक भी किया जाएगा।

