हरिद्वार, स्वतंत्र वाणी । झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग के शक में दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। एक युवक ने अपनी सगी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया। पुलिस ने मामले को ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच में शामिल किया है।
झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी सिंह पर आरोप है कि उसने घर में घुसकर अपनी बहन रूपा (22) और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) पर तमंचे से गोलियां चला दीं। रूपा को एक गोली, जबकि सूरज के सीने में दो गोलियां लगीं। दोनों को परिजन झबरेड़ा स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचे का खोखा बरामद किया और साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल लाइन रुड़की अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अब पुराने विवाद के साथ प्रेम प्रसंग और परिवार की नाराजगी समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
——–

