मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त श्री मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत श्री देवेश उत्तम एवं जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त श्री आलोक रंजन झा ने भेंट की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता तथा उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन देशों में जिन क्षेत्रों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं और जहां कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनकी जानकारी के लिए संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखा जाए। विदेशों में उपलब्ध अवसरों और वहां की आवश्यकता के अनुरूप राज्य के युवाओं को कौशल एवं आवश्यक भाषा प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर पर बेहतर अवसर मिल सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में होम स्टे के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए हैं। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए भ्रमण कराया जा सकता है। फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में उत्तराखण्ड में अनेक संभावनाएं हैं, इन क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप कौशल और प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग का आकलन कर प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त श्री आलोक रंजन झा ने कहा कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में कार्य की अनेक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आवश्यकता है, उनके संबंध में राज्य सरकार को विस्तृत नोट उपलब्ध कराया जाएगा।

