हल्द्वानी। नैनीताल जिले की धारी तहसील में तैनात पटवारी निर्मल बोरा को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शनिवार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पटवारी शिकायतकर्ता से गांव मजीदा, तहसील धारी स्थित भूमि की नाथजोख कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर की। शिकायत की जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी ने ट्रैप टीम गठित की। टीम ने शनिवार 26 सितंबर को कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार आरोपी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा निवासी निसुणकोट, धारी, नैनीताल है। वर्तमान में उसकी तैनाती तहसील धारी में थी और वह हल्द्वानी के बिठोरिया नंबर एक क्षेत्र स्थित जलवायु विहार में रह रहा था।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान ने लोगों से सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर करने की अपील की है।

